डीपीएस ने याद दिलाई गुरु शिष्य परम्परा
★ विद्यालय के वार्षिक उत्सव का द्वितीय एवं अंतिम चरण हर्षोल्लास से मनाया
नागपूर ( 7 दिसम्बर 2025 ) दिल्ली पब्लिक स्कूल कामठी रोड नागपुर में रविवार को विद्यालय के वार्षिक उत्सव का द्वितीय एवं अंतिम चरण हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया. सम्पूर्ण प्रस्तुति के केन्द्र में भारत की गौरवशाली गुरु-शिष्य प्राचीन परम्परा अर्वाचीन तक दर्शाया गया. इसमें विद्यालय के बाल कलाकारों ने अपने बेहतरीन अभिनय, नृत्य और संगीत की बेमिशाल प्रस्तुति से सभी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. वैदिक युग से लेकर आधुनिक युग तक शिक्षा, शिक्षण पद्धति, और गुरु शिक्षक में क्रमशः क्या-क्या परिवर्तन आए इसे कक्षा तीसरी से पांचर्वी तक के छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनय कौशल से मंच पर चरितार्थ किया. वैदिक युग में शिक्षा का उद्देश्य न केवल आजीविका साधन अपितु धार्मिक, आध्यात्मिक और नैतिक जीवन प्रदान करना था. शिष्य गुरुओं की शरण में रहकर वेदों और उपनिषदों का अध्ययन करके जीवन के मूल्यों को साधकर चरित्र निर्माण में अहम् भूमिका निभाते थे. गुरुओं को भगवान का दर्जा दिया जाता था. पर जैसे जैसे समय ने करवट ली वैसे वैसे शिक्षा में कई बदलाव आए जीवंत गुरु की जगह आज डिजीटल गुरु ने ले ली है. आज बिना गुरु के कहीं भी कैसे भी सीखा जा सकता है. इसी परम्परा को जीवंत बनाकर और उसे अपने अभिनय नृत्य, गीत गायन कौशल और विभिन्न प्रसंगानुसार वेशभूषा के माध्यम मंच पर उतारकर डीपीएस के बच्चों ने एक बार फिर अपनी प्रस्तुति से सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस अवसर विद्यालय की उन सभी छात्र- प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया जो वर्षभर अपनी विशेष योग्यताओं से विद्यालय को सम्मान दिलाते हैं. अन्त में विद्यालय के बहुचर्चित बैंड की सुन्दर प्रस्तुति ने सभी को गाने और थिरकने पर मजबूर कर दिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ विजय विक्रम सिंह, वॉयस आर्टिस्ट एवं मोटिवेशनल स्पीकर की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. दर्शकों को संबोधित करते हुए उन्होंने डीपीएस कामठी रोड के शिक्षा के क्षेत्र में अपूर्व योगदान की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम की मुक्त कण्ठ से सराहना की. इस अवसर पर विशेष अतिथि के रुप में अंजली सिंह (ISS) भारतीय सांख्यिकी सेवा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. विद्यालय की अध्यक्षा और प्रोवाइस चेयरपर्सन श्रीमती तुलिका केडिया ने अपने संदेश में छात्रों को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में कड़ी मेहनत करने और अत्यन्त सजग रहने के लिये प्रोत्साहित किया. श्रीमती सविता जयसवाल, निदेशक, डीपीएस कामठी रोड और मिहान नागपुर ने सभा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए छात्रों को अपने आशीष वचन प्रदान किए। इस अवसर पर इंद्रजीत परगनिहा, बर्सर, डीपीएस कामठी रोड और मिहान, नागपुर और डीपीएस मिहान की प्रधानाचार्या श्रीमती निधि यादव उपस्थित थे, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती योगिता उमालकर ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और अतिथियों को धन्यवाद दिया और पूरी सभा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
यह सांस्कृतिक संध्या अंत्यत रोचक, मनोरंजक एवं जान से सराबोर साबित हुई. बच्चों के सम्पूर्ण मंचन को सभी ने बहुत सराहा एवं मुक्त कण्ठ से छात्रों, अध्यापकों एवं प्रबंधन समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की.




























































































































































































































































































































































































































