DPS कामठी रोड़ में विद्यालय के वार्षिक उत्सव का प्रथम चरण बडी धूमधाम से मनाया
बाल कलाकारों ने अपने बेहतरीन अभिनय, नृत्य और संगीत की बेमिशाल प्रस्तुति
नागपूर ( दि. 7 डिसेंबर 2025 ) दिल्ली पब्लिक स्कूल कामठी रोड़ नागपुर में शनिवार विद्यालय के वार्षिक उत्सव का प्रथम चरण बडी धूमधाम से मनाया गया. इसका केन्द्र बिन्दु द टेल ऑफ द फॉरगॉटन टॉय बॉक्स था. इसमें विद्यालय के बाल कलाकारों ने अपने बेहतरीन अभिनय, नृत्य और संगीत की बेमिशाल प्रस्तुति से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सम्पूर्ण मंचन में यह प्रदर्शित किया गया कि पहले बच्चे जिन खेल-खिलौनों से खेला करते थे उनसे सिर्फ़ न केवल उनका मनोरंजन होता था किंतु वे खेल शारीरिक और मानसिक विकास के सशक्त साधन होते थे. कुछ खेल तो सामाजिक, पारिवारिक और पारस्परिक सहयोग की भावना से ओत-प्रोत चतुर्मुखी विकास करने वाले होते थे. आज बच्चों में मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के प्रति आकर्षण इतना बढ़ गया है कि जिसका दुष्प्रभाव उनके जीवन में परिलक्षित होता है. आजकल के बच्चे घरों में कैद रहकर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के भरोसे ही अपना मनोरंजन करना चाहते हैं, इससे सामाजिक और पारिवारिक दूरी बढ़ने के साथ- साथ पारमपारिक सहयोग की भावना दिनोंदिन विलुप्त होती दिखाई दे रही है. आज बालवाटिका से कक्षा दूसरी तक के बच्चों की इस मनमोहक प्रस्तुति ने वो संदेश दिया जिसकी सभ्य कहे जाने वाले मनुष्य समाज को महती आवश्यकता है. अन्त में विद्यालय के बहुप्रसिद्ध बैंड की सुन्दर प्रस्तुति ने सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ सौरभ कुमार (आई. आर. एस. एक्स संयुक्त निदेशक राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी) की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. दर्शकों को संबोधित करते हुए उन्होंने डीपीएस कामठी रोड के शिक्षा के क्षेत्र में अपूर्व योगदान की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम की मुक्त कण्ठ से सराहना की. विद्यालय की अध्यक्षा और प्रोवाइस चेयरपर्सन श्रीमती तुलिका केडिया ने अपने संदेश में बर्चों को भविष्य की चुनौतियों के तैयार करने योग्य बनाने के लिए कटिबद्धता जताते हुए उनका हौसला बढ़ाया. इस अवसर पर श्रीमती सविता जयसवाल, निदेशक, डीपीएस कामठी रोड और मिहान नागपुर ने सभा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए छात्रों को अपने आशीष वचन प्रदान किए. इनके अतिरिक्त इंद्रजीत परगनिहा, बर्सर, डीपीएस कामठी रोड और मिहान, नागपुर और डीपीएस मिहान की प्रधानाचार्या श्रीमती निधि यादव उपस्थित थे, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती योगिता उमालकर ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया.
यह सांस्कृतिक संध्या अत्यन्त रोचक, मनोरंजक एवं ज्ञान से सराबोर साबित हुई. बच्चों के सम्पूर्ण मंचन को सभी ने बहुत सराहा एवं मुक्त कण्ठ से छात्रों, अध्यापकों एवं प्रबंधन समिति की भूरि-भूरि प्रशसा की.




























































































































































































































































































































































































































