दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 का शुभारंभ
◆ पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली पर्यावरण शपथ
नागपुर : ( 15 मई 2026 ) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत 15 मई से 05 जून 2026 तक चलाए जाने वाले विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ आज शुक्रवार 15 मई को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में किया गया. अभियान का शुभारंभ प्रातः 11.00 बजे पर्यावरण शपथ कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ.
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक शदीपक कुमार गुप्ता द्वारा की गई. इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता, विभिन्न शाखा अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई. सभी उपस्थित कर्मचारियों ने पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने, दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी बदलाव अपनाने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
शपथ के दौरान सभी ने यह प्रतिज्ञा ली कि वे जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक उपयोग में कमी, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं अन्य लोगों को भी पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे.
अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है. साथ ही, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं फील्ड कार्यालयों में भी कार्यालयीन समय के दौरान व्यवहारिक सुविधा के अनुसार पर्यावरण शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा सभी की सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं हरित भविष्य का निर्माण संभव है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अभियान अवधि के दौरान नागपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नागपुर मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


























































































































































































































































































































































































































































