इंटर सेक्टर बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन
★ संचार सेक्टर ने प्रथम तथा पश्चिमी सेक्टर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया
नागपुर, ( 21 अगस्त 2026 ) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्रुप केंद्र, नागपुर द्वारा आयोजित इंटर सेक्टर बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 का आज सूबेदार बैडमिंटन हॉल, आर.टी.एम. नागपुर विश्वविद्यालय, नागपुर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 18 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक किया गया, जिसमें सीआरपीएफ के विभिन्न सेक्टरों से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है।
इस प्रतियोगिता में संचार सेक्टर को विजेता(प्रथम स्थान) तथा पश्चिमी सेक्टर को उपविजेता (द्वितीय स्थान) घोषित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा एवं जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। इस प्रतियोगिता में श्री पी. आर. जंबोलकर, महानिरीक्षक, जोरहाट सेक्टर ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक एवं ट्रॉफियां अपने नाम कीं। इसी क्रम में श्री प्रदीप वी. के., सहायक कमांडेंट ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जैसे अग्रणी सुरक्षा बल के जवानों के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। खेल प्रतियोगिताएं जवानों को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त रखने के साथ-साथ उनमें सहयोग, सामूहिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में श्री अनिल कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र, केरिपुबल, नागपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री पी.सी. श्रीवास्तव, उप महानिरीक्षक, रेंज नागपुर, डॉ. संदीप पाटोंडिकर, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा), संयुक्त अस्पताल, नागपुर, श्री अरविंद कुमार वाथरे, अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

































































































































































































































































































































































































































































































