ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम द्वारा मानद डॉक्टरेट एवं राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय सम्मान समारोह–2026 भव्य रूप से संपन्न
नागपुर: ( दि. 8 जुलै 2026 ) प्रतिनिध
ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम के तत्वावधान में शासकीय इमारत रवि भवन, नागपुर में आयोजित मानद डॉक्टरेट एवं राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय सम्मान समारोह–2026 हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. मनीषा ठाकरे (संस्थापक अध्यक्ष, ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम), डॉ. अशोक बागुल (सहायक पुलिस आयुक्त, नागपुर), डॉ. वंदना बेंजामिन (डायरेक्टर, न्यू अपोस्टोलिक स्कूल एंड जूनियर कॉलेज), फिल्म अभिनेता प्रेम धिराल, श्री मुस्ताक पठान (जिला अधिकारी, बाल संरक्षण विभाग) तथा श्री मुस्तफा टोपीवाला (ट्रस्टी, ताजबाग दरगाह, नागपुर) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन से समाजसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित होने वाले व्यक्तियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती सारिका ठाकरे ने किया। समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य, पत्रकारिता, कला, संस्कृति, उद्योग, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारत भूषण पुरस्कार, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार तथा मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से देशभर की विशिष्ट विभूतियों का सम्मान किया गया। समारोह में 10 समाजसेवियों को मानद डॉक्टरेट, 30 समाजसेवियों को भारत भूषण पुरस्कार तथा 70 समाजसेवियों को भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही संस्था के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को उत्कृष्ट पदाधिकारी सम्मान से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित व्यक्तियों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट किए गए।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाजहित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे सम्मान सामाजिक कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मनीषा ठाकरे ने बताया कि समारोह में प्रदान किए गए सभी पुरस्कार पूर्णतः निशुल्क थे। कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन एवं व्यवस्थापन उनके नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने समर्पित भाव से सहयोग प्रदान किया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायी वक्तव्यों तथा सामाजिक सरोकारों पर आधारित विचार-विमर्श ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। इस अवसर पर देशभर से आए समाजसेवी, शिक्षाविद, पत्रकार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के संकल्प के साथ किया गया।

































































































































































































































































































































































































































































































